रेणुकूट/सोनभद्र. @अमिताभ मिश्रा..

दीपावली पर्व के मद्देनजर रविवार को स्थानीय नगर का बाजार पूरी तरह से गुलजार रहा। सुबह से ही लोगों की भीड़ खरीददारी के लिए बाजारों में उमड़ पड़ी। मुख्य बाजार, गांधी मैदान, रामलीला मैदान और मुख्य चौराहा लोगों से खचाखच भर गया। दीपों का त्योहार मनाने की तैयारी में लोग घरों को सजाने के लिए सजावटी सामान, मिठाई, कपड़े, पटाखे और उपहार सामग्री की खरीददारी करते नजर आए।
भीड़ बढ़ने के साथ ही दोपहर होते-होते नगर के मुख्य चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। एक ओर जहां वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे थे, वहीं दूसरी ओर दुकानों पर खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं।
चौकी पुलिस के सिपाही और निजी कंपनियों के सुरक्षाकर्मी लगातार ट्रैफिक नियंत्रित करने में जुटे रहे, परंतु लोगों की भारी भीड़ और सड़कों पर खड़े दोपहिया वाहनों के कारण जाम की स्थिति शाम तक बनी रही।
गांधी मैदान में पटाखों की अस्थायी दुकानें सजी रहीं, जहां बच्चों और युवाओं में उत्साह देखा गया। वहीं रामलीला मैदान में दीपावली से जुड़ी सामग्री — जैसे सजावटी दीये, झालर, मूर्तियाँ, रंगोली पाउडर और घर की सजावट के सामान — की बिक्री जोरों पर रही।
मुख्य चौराहे और आसपास की गलियों में बाहर से आए फूल विक्रेताओं ने भी अपनी दुकानें सजाई थीं। गेंदा, गुलाब और कमल के फूलों से बाजार की रौनक और भी बढ़ गई। आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग दीपावली की खरीददारी के लिए नगर पहुंचे, जिससे बाजारों में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही थी।
पिछले सालों की तुलना में इस बार खरीदारों की संख्या अधिक रही, जिससे दुकानदारों की बिक्री में अच्छा इजाफा देखा गया। शाम होते-होते दीपावली की चमक से नगर जगमगा उठा, परंतु देर रात तक जाम का झाम लोगों को परेशान करता रहा।