बभनी/सोनभद्र (पंकज साहू)…..

स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत चपकी गांव में एक दुखद घटना सामने आई। यहां 35 वर्षीय चंद्र प्रताप ने साखू के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना शनिवार की रात की है। मृतक के पिता रामबरन के अनुसार, परिवार ने साथ में रात का खाना खाया। इसके बाद सभी सोने चले गए। चंद्र प्रताप की पत्नी चंद्रावती ने बताया कि पति को नींद नहीं आ रही थी। उन्होंने कूलर चला दी फिर सो गयी। रात करीब 2:30 बजे जब चंद्रावती की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि पति बिस्तर पर नहीं थे। परिवार ने खोजबीन शुरू की। सुबह घर से 200 मीटर दूर साखू के पेड़ पर गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या की स्थिति में उनका शव मिला।

मृतक के दो बच्चे हैं – 12 वर्ष की एक बेटी और 9 वर्ष का एक बेटा। पुलिस उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पिता की शिकायत पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है