मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..नगर के तीन वार्डों में सड़क और नाली निर्माण से नागरिकों को मिलेगी राहत

नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने शनिवार को नगर के तीन वार्डों में लगभग 43.82 लाख रुपये की लागत से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में सीसी रोड और आरसीसी नाली का निर्माण शामिल है। लोकार्पण के बाद उन्होंने इन निर्माण कार्यों को जनता को समर्पित किया।

राज्य वित्त आयोग मद से कराए गए कार्यों में वार्ड नंबर 19 ब्रह्मनगर में रामनरेश चौहान के घर से विष्णु बरनवाल के घर तक सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। वहीं वार्ड नंबर एक की दलित बस्ती महाल में लखन के घर से कमला के घर तक आरसीसी नाली और सीसी रोड का निर्माण हुआ है। इसके अलावा वार्ड नंबर नौ में नहर से नगर पालिका के शौचालय तक सीसी रोड बनाई गई है।

इस अवसर पर अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कई अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी प्रगति पर हैं, जिन्हें जल्द पूरा कराकर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर के सभी क्षेत्रों में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में आनंद चौरसिया, धर्मराज जैन, सभासद अनवर अली, राजन सोनी, संजय जायसवाल, अजय गुप्ता, अमित दुबे तथा नगर पालिका के अवर अभियंता राजकुमार राव और कृष्ण मोहन प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।