संवाददाता@वीरेंद्र यादव……

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के तत्वावधान में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने संविधान की शपथ ली। साथ ही भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति निष्ठा, कर्तव्यपरायणता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं समानता के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समाजशास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण में भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा, भारत का संविधान और बाबा साहब का नाम रहेगा।

मुख्य वक्ता के रूप में राजनीति विज्ञान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रजनीकांत ने कहा कि सामाजिक समरसता की भावना का विकास संविधान का मूल उद्देश्य है। इसी भावना से भारतीय समाज में एकता और अखंडता कायम रहती है। वहीं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रभाकर लाल ने कहा कि हमारा संविधान लोकतंत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भविष्य में भी लोकतांत्रिक मूल्यों एवं अवधारणाओं को सुदृढ़ करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं महात्मा गांधी के विचारों को अपने वक्तव्यों के माध्यम से छात्र-छात्राओं के समक्ष प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में खुशबू, ममता, प्रभा, नीरज, समीर, अंजना पूर्ति, पूनम, रोशनी एवं धन्नू सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।