ब्यूरो@जे0 के0……

Sonbhadra। नगरीय क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए विधानसभा, लोकसभा और नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्रों को एकीकृत करने की मांग उठी है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि अलग-अलग चुनावों में अलग मतदान केंद्र होने से मतदाता भ्रमित होते हैं, जिसका असर मतदान प्रतिशत पर पड़ता है।

शनिवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत डॉ. धर्मवीर तिवारी और नगर पालिका सभासद विनोद सोनी बूथ अध्यक्षों के साथ रॉबर्ट्सगंज स्थित आदर्श इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचे। यहां मतदाता सूची का अवलोकन कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरवाया गया। वहीं मृतक मतदाताओं के नाम हटाने और दो स्थानों पर दर्ज नामों को नियमानुसार एक स्थान पर रखने के लिए भी आवश्यक फॉर्म भरवाए गए।

डॉ. तिवारी ने बताया कि मतदाता सूची के भाग संख्या-18 में वार्ड संख्या-18 टीचर्स कॉलोनी और वार्ड संख्या-8 जोगिया वीर मोहल्ले का आंशिक हिस्सा शामिल है। इनका मतदान केंद्र आदर्श इंटर कॉलेज है, जबकि नगर पालिका चुनाव में टीचर्स कॉलोनी के मतदाता विवेकानंद परीक्षा गृह में मतदान करते हैं। इस अंतर के कारण करीब 400 मतदाता असमंजस में पड़ जाते हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्र एक होने से मतदाताओं को सुविधा मिलेगी और नगरीय क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस दौरान आदर्श इंटर कॉलेज के सात बूथों सहित विवेकानंद परीक्षा गृह और संस्कृत पाठशाला मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बीएलओ से मुलाकात की गई और पुनरीक्षण कार्य में सहयोग किया गया।

इस अवसर पर सभासद विनोद सोनी, डब्लू तिवारी, सत्यम सोनी, राहुल शर्मा सहित भाग संख्या 13 से 19 तक के बीएलओ और अन्य लोग मौजूद रहे।