चुर्क संवाददाता@संजय सिंह…

छठ महापर्व के अवसर पर चुर्क क्षेत्र के बबुरी तालाब में रविवार सुबह तीन छोटे-बड़े मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। तालाब में मगरमच्छों की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि आज छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु इसी तालाब पर पहुंचेंगे। व्रती महिलाएं तालाब के पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं।

ऐसे में तालाब में तीन मगरमच्छ दिखाई देने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग और चुर्क पुलिस चौकी को दे दी है। अब लोगों को वन विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।

मगरमच्छों की मौजूदगी को देखते हुए तालाब में उतरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी हो गया है।