मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..पांच और तीन वर्ष के हैं दोनों बच्चे, परिजनों की तलाश में जुटी टीम, शिशु गृह में कराया गया संरक्षित

रात के अंधेरे में घर से भटककर असुरक्षित परिस्थितियों में घूम रहे दो मासूम बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया।

दोनों बच्चे अपनी कम उम्र के कारण घर और परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। फिलहाल उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद शिशु गृह में संरक्षित कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब आठ बजे थाना रॉबर्ट्सगंज की हिन्दुआरी चौकी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने दो छोटे बच्चों को अकेले भटकते देखा। इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह को दी गई।

सूचना मिलते ही परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

बच्चों में करीब पांच वर्ष का एक बालक और तीन वर्ष की एक बालिका शामिल है। मासूम होने के कारण वे अपने घर का पता और माता-पिता के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सके।

इसके बाद टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें शिशु गृह में सुरक्षित रखा गया।

परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को बच्चों के परिजनों या उनके घर के संबंध में जानकारी हो तो चाइल्ड हेल्पलाइन के मोबाइल नंबर 9450717818 अथवा टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें।

उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई बच्चा अकेला, गुमशुदा या असुरक्षित दिखाई दे तो तत्काल सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।