संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए म्योरपुर थाना परिसर में मंगलवार को पीस कमेटी की बैठक हुई। थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से छठ पूजा स्थलों की जानकारी ली गई और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

बैठक में थानाध्यक्ष जितेंद्र सरोज ने कहा कि छठ पर्व आस्था और विश्वास का प्रतीक है। सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।

बैठक में ग्राम प्रधान पति रामदयाल प्रजापति, पूर्व प्रधान शिवसागर जायसवाल, सुजीत अग्रहरी, विनेश कुमार, सलीम अहमद, वकील अहमद, कमलेश कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।