संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

शिवद्वार धाम में सोमवार की शाम 43वें शिव शक्ति लोक संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न जनपदों से पहुंचे तीन दर्जन से अधिक लोक कलाकारों ने गीत-संगीत की विविध विधाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।

गाजीपुर के अवनीश यादव ने राष्ट्रगीत, मुगलसराय की गीता रानी ने सोहर, देवनाथ यादव ने गजल और महाव के लल्लू भारती ने देवी गीत प्रस्तुत किया।

वहीं चंदौली के दयाराम प्रजापति ने लोकभजन, मधुपुर के सोहन मौर्य ने कहरवा, श्यामदेव सन्दल ने निर्गुण और राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने कवित्त सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। चुनार के संतोष ने देशभक्ति गीत और गिरिया मठहवा के कलाकारों ने कर्मा गीत की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी रामनिवास शुक्ला की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि पूर्व सपा जिलाध्यक्ष संजय यादव तथा विशिष्ट अतिथि लोकपति पटेल और जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान सोहन लाल मौर्य को भोजपुरी कवि सम्राट मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान और रामलाल को पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। साहित्य में 50 वर्ष और पत्रकारिता में 40 वर्ष पूर्ण करने पर डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ‘पुष्कर’ को भीष्म पितामह बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान प्रदान किया गया।

आयोजक मुन्नर यादव ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस मौके पर उदित लाल अग्रहरि, देवचरण यादव, रमाकांत दुबे, प्रधान पुजारी सुरेश गिरी और बालेश्वर यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।