संवाददाता@कृपा शंकर पांडेय..
पुलिस और एलआईयू टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, मूर्तिकार से कराई गई प्रतिमा की मरम्मत

नगर पंचायत चोपन के वार्ड नंबर-2 स्थित दलित बस्ती में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की एक उंगली क्षतिग्रस्त मिलने से इलाके में हलचल मच गई। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और खुफिया विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता और कृष्ण मोहन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए तत्काल मूर्तिकार को बुलाकर प्रतिमा की क्षतिग्रस्त उंगली की मरम्मत कराई गई। इससे लोगों ने राहत महसूस की।

नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के पीछे शरारत है या कोई सुनियोजित मंशा, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा। उन्होंने नगर पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए बताया कि प्रतिमा स्थल पर बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

वहीं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिमा स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लवकुश भारती ने बताया कि 14 अप्रैल 2025 को यहां बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके लिए उनकी माता रामा देवी ने आधा बिस्वा जमीन दान की थी।

उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन मोहल्ले के लोग प्रतिमा स्थल पर दीपक जलाने पहुंचे थे, लेकिन उस समय किसी की नजर क्षतिग्रस्त उंगली पर नहीं पड़ी। आशंका है कि घटना पिछले दो-तीन दिनों के भीतर हुई है। उनके पुत्र श्रीपद भारती ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी थी।

लवकुश भारती ने स्पष्ट किया कि वह किसी जाति या समुदाय विशेष पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। उनकी मांग है कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे और प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से समाज कल्याण विभाग के माध्यम से 10 लाख रुपये की व्यवस्था होने की जानकारी भी दी गई है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में शांति और सौहार्द का माहौल बना हुआ है।