ब्यूरो@जे0 के0…..
डेढ़ साल से मायके में रह रही थी महिला, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

Sonbhadra। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत चौकी अंतर्गत कटलहिया गांव में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पाल दरी के पास अरविंद बाबा आश्रम के समीप एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार 9 नवंबर को दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस को महिला का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह, उपनिरीक्षक रामासरे यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की पहचान 35 वर्षीय बबिता वैगा पत्नी बलिराम, निवासी कटलहिया के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि बबिता पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटी हिमांशी और डेढ़ वर्षीय बेटा गौरव शामिल हैं। मृतका का पति बलिराम वर्तमान में दिल्ली में रहता है।
परिजनों के मुताबिक, बबिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे कभी-कभी दौरे भी पड़ते थे। हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।