मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..युवा मंडल सह समिति ने सातवें वर्ष कराया भव्य पूजनोत्सव, न्यू कॉलोनी में बच्चों ने खुद बनाई लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं

दीपावली पर्व के अवसर पर नगर में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद रविवार, 9 नवंबर को प्रतिमा विसर्जन का सिलसिला श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर के उत्तर मोहाल स्थित चंडी होटल के पास युवा मंडल सह समिति की ओर से स्थापित मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया गया।

छह नवंबर को पंडाल में प्रतिमा स्थापना के साथ शुरू हुए चार दिवसीय पूजनोत्सव का समापन रविवार को हवन, पूर्णाहुति और भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ हुआ। दीपावली के अवसर पर समिति की ओर से आकर्षक पंडाल तैयार कराया गया था, जिसे रंग-बिरंगी लाइटों और सजावटी झालरों से भव्य रूप दिया गया था। पंडाल में प्रतिदिन सुबह और शाम मां लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। चार दिनों तक पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पूजनोत्सव में सहभागिता की।

रविवार को धार्मिक अनुष्ठान के तहत हवन कराया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति देकर पूजनोत्सव का समापन किया गया। तत्पश्चात डीजे की भक्तिमय धुनों और जयकारों के बीच मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शीतला मंदिर चौक, स्वर्ण जयंती चौक और महिला थाना होते हुए धंधरौल बांध पहुंची।

मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। धंधरौल बांध पहुंचने के बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि युवा मंडल सह समिति की ओर से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजनोत्सव लगातार सातवें वर्ष आयोजित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष शारदा महेश केसरी के साथ राज केसरी, शुभम सोनी, शिवम सोनी, संदीप अग्रहरि, विकास सोनकर, विशाल सोनकर, अनमोल सोनी, अंशु विश्वकर्मा, विवेक केसरी, प्रियांशु सोनकर, सुधांशु सोनकर, सन्नी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।

वहीं नगर के न्यू कॉलोनी में दीपावली के अवसर पर बच्चों ने अनूठी पहल करते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। यहां नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बाजार से प्रतिमाएं लाने के बजाय स्वयं अपने हाथों से भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की प्रतिमाएं तैयार कीं। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिमाओं को आकार दिया और उनकी स्थापना कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू किया।

बच्चों ने दीपावली के दौरान प्रतिदिन श्रद्धाभाव से पूजा-अर्चना की। रविवार, 9 नवंबर को बच्चों ने मिलकर दोनों प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने हाथों से बनाई प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर पूजा और विसर्जन तक की पूरी प्रक्रिया में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बच्चों की इस पहल ने नगर में आकर्षण का केंद्र बनकर यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियां केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों की रचनात्मकता, आपसी सहयोग और धार्मिक संस्कारों से भी पर्व की खुशियां और बढ़ जाती हैं।