संवाददाता@उमेश सिंह…..
बैरपान में भीषण हादसा, कोयले में दबे बाइक सवारों को जेसीबी से निकाला गया, केबिन में फंसे चालक ने भी तोड़ा दम

वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बैरपान में शुक्रवार दोपहर कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस में सवार चार यात्रियों समेत कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कोयला लदा ट्रेलर वाराणसी की ओर जा रहा था। बैरपान के पास अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गया। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया। इसी दौरान बस के पीछे बाइक से जा रहे दो युवक ट्रेलर से गिरे कोयले के नीचे दब गए। वहीं ट्रेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद कोयले में दबे बाइक सवारों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहीं केबिन में फंसे ट्रेलर चालक को भी बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। रोडवेज बस में सवार चार यात्री भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल (22) पुत्र बखीरन, निवासी रामपहरी, ग्राम मकरा-सिंदूर, थाना पिपरी और ट्रेलर चालक की पहचान मनोज यादव (45) पुत्र लालचंद यादव, निवासी भोपतपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है।

घायलों में रमाशंकर (19) पुत्र पन्ने, निवासी मनरहवां, थाना अनपरा, ईशान (20) पुत्र नंदलाल, निवासी सिंगरौली, राजन (19) पुत्र महादेव, निवासी लोझरा, आकाश शादव पुत्र सेवक यादव, निवासी आजमगढ़ तथा कशिश (18) पुत्री जयप्रकाश, निवासी सिंगरौली के नाम शामिल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।