संवाददाता@रामबली मिश्रा….
— सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत निबंध, संवाद, कला, कविता एवं संगीत प्रतियोगिता का आयोजन
— 108 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग, 41 नन्हे प्रतिभागियों को भी किया गया सम्मानित

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत एनटीपीसी रिहंद के सतर्कता विभाग की ओर से शुक्रवार को हंसवाहिनी पब्लिक स्कूल बीजपुर में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें निबंध, संवाद, कला, कविता एवं संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से कुल 108 छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में 40 विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं एलकेजी से कक्षा तीन तक के 41 नन्हे बच्चों को भी उनकी सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के अपर महाप्रबंधक बृजेश कुमार यादव ने बच्चों को सतर्कता एवं जागरूकता का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में सतर्कता अपनाना बेहद जरूरी है। सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही दीपावली पर पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने दैनिक जीवन में भी जिम्मेदारी और जागरूकता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य दुर्गावती गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा निखारने के साथ उनके आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता को भी बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर रघुराज सिंह, रामबली मिश्रा, प्रियांशु, विनोद, ब्रह्मानंद, विजय कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।