संवाददाता@हनीफ खान….

करमा थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में सोमवार की रात करीब नौ बजे शॉर्ट सर्किट से डेकोरेशन टेंट हाउस के गोदाम में आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा टेंट, कुर्सियां, कूलर, पंखे और लाइट-डेकोरेशन समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

ग्राम पंचायत कसया कला के डेहरी गांव निवासी संदीप मौर्या की भैरोपुर में हर हर महादेव डेकोरेशन टेंट हाउस के नाम से दुकान और गोदाम है। सोमवार रात गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वहां रखा अधिकांश सामान जल गया।

आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना करमा पुलिस-प्रशासन और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा काफी सामान जलकर खाक हो चुका था।

गोदाम संचालक संदीप मौर्या के अनुसार, आग में टेंट, कुर्सियां, कूलर, पंखे तथा लाइट-डेकोरेशन का सामान पूरी तरह जल गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने से 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।