मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किलो मिलेगा अनाज

जनपद में निःशुल्क राशन को लेकर एक बड़ी खबर आई है इस बार दीपावली से पहले ही निःशुल्क राशन वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता के अनुसार जनपद में नवंबर महीने का मुफ्त राशन छह नवंबर से 30 नवंबर तक वितरित किया जाएगा।

इस दौरान सभी राशन कार्डधारकों को गेहूं और चावल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को एक कार्ड पर 10 किलो गेहूं और 25 किलो चावल, कुल 35 किलो राशन मिलेगा।

वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट एक किलो गेहूं और चार किलो चावल, कुल पांच किलो राशन दिया जाएगा। राशन का वितरण कोटेदारों की दुकानों पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से होगा। इसके लिए राशन कार्डधारकों का अंगूठा लगाकर आधार से सत्यापन किया जाएगा।

यदि किसी लाभार्थी का अंगूठा मशीन पर नहीं लगता है या आधार सत्यापन नहीं हो पाता है तो ऐसे कार्ड धारकों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है ऐसे कार्ड धारकों कों 30 नवंबर को मोबाइल पर आने वाले ओटीपी के जरिए भी राशन मिल सकेगा।

इसके लिए राशन कार्डधारक या परिवार के किसी अन्य सदस्य का मोबाइल नंबर राशन कार्ड में दर्ज होना जरूरी है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गेहूं और चावल पूरी तरह मुफ्त मिलेगा। इसके लिए कोटेदार कोई पैसा नहीं ले सकेंगे।

उन्होंने सभी पात्र कार्डधारकों से निर्धारित समय के भीतर राशन लेने की अपील की है। जिन कार्ड धारकों ने अभी तक अपनी केवाईसी नहीं कराई है वें जल्दी ही केवाईसी करा लें।