• Contact US
  • Privacy Policy
Sonebhadra Live
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
  • Home
  • सोनभद्र
  • सिंगरौली
  • उत्तर प्रदेश
  • खेल
  • मनोरंजन
  • राष्ट्रीय
  • वायरल वीडियो
No Result
View All Result
Sonebhadra Live
No Result
View All Result

UP News Live: पूर्व IAS दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को करेंगी बड़ा ऐलान, मिर्जापुर में सीएम योगी की जनसभा पर भी नजर

Admin by Admin
October 13, 2026
in उत्तर प्रदेश
0
UP News Live: पूर्व IAS दिव्या मित्तल 15 अक्टूबर को करेंगी बड़ा ऐलान, मिर्जापुर में सीएम योगी की जनसभा पर भी नजर


उत्तर प्रदेश की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल एक बार फिर चर्चा में हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर 15 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे अपने राजनीतिक सफर के अगले कदम का ऐलान करने की जानकारी दी है. दिव्या मित्तल पहले ही राजनीति में आने की बात कह चुकी हैं, लेकिन उन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने से इनकार किया है. अब सबकी नजर उनके अगले कदम पर है. इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मिर्जापुर में जनसभा को संबोधित करेंगे.

अयोध्या में त्योहारों पर सुरक्षा का मेगा प्लान, राम मंदिर से सरयू घाट तक अलर्ट पुलिस, दीपोत्सव की भी तैयारी
अयोध्या में शारदीय नवरात्रि, दशहरा और मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी है. लखनऊ जोन के आईजी प्रवीण कुमार ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित आधुनिक मीटिंग हॉल का उद्घाटन किया. वहीं, त्योहारों के बाद होने वाले भव्य दीपोत्सव को लेकर भी बैठकों और तैयारियों का सिलसिला तेज होगा.

बागपत: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कार सवारों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. बताया जा रहा है कि वाहनों की टक्कर को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया.

हरदोई: पुलिस पूछताछ के दौरान हिस्ट्रीशीटर चंद्रहास की मौत, परिजनों ने लगाए आरोप
हरदोई के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव में पुलिस पूछताछ के दौरान हिस्ट्रीशीटर चंद्रहास की मौत का मामला सामने आया है. पुलिस गांव में पूछताछ करने गई थी. घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर धमकाने का आरोप लगाया है. मामले के बाद गांव में तनाव का माहौल है. कई थानों की पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर मौजूद हैं. पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है. फिलहाल परिजन शव आने का इंतजार कर रहे हैं.

मुजफ्फरनगर: महिला पुलिस से मुठभेड़ में बदमाश घायल, दो गिरफ्तार, करोड़ों की स्मैक बरामद
मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद होने की जानकारी दी है. मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश महिला पुलिसकर्मियों के सामने गिड़गिड़ाता नजर आया. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

आगरा: दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की जेल, 20 हजार रुपये का जुर्माना
आगरा की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 18 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर युवती से दुष्कर्म के मामले में गोविंदा उर्फ हरगोविंद को दोषी ठहराते हुए 10 साल की जेल की सजा सुनाई है. अदालत ने दोषी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. मामला ताजगंज इलाके का है, जहां 20 मई 2024 को वारदात हुई थी. परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था. सुनवाई के दौरान पीड़िता की छोटी बहन समेत पांच गवाहों ने गवाही दी. अपर जिला जज नीरज श्रीवास्तव की अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर फैसला सुनाया.

कानपुर: नवजात बच्ची की मौत पर अस्पताल में हंगामा, पिता ने लगाया लापरवाही का आरोप
कानपुर के आत्माराम चाइल्ड केयर अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत के बाद हंगामा हो गया. बच्ची के पिता ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. पिता का दावा है कि इलाज के नाम पर उनसे 2.25 लाख रुपये लिए गए. उन्होंने नौबस्ता थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कराने की मांग की है. साथ ही स्वास्थ्य विभाग से भी शिकायत की गई है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

पीलीभीत: सिलेंडर में आग लगने से मासूम बच्ची की मौत, चार लोग झुलसे
पीलीभीत के पूरनपुर स्थित मोहल्ला बमनपुरी में सिलेंडर में आग लगने से दर्दनाक हादसा हो गया. आग की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा.

बहराइच: जीजा ने साले पर तलवार से किया जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई घटना
बहराइच के मटेरा थाना क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद जीजा ने अपने साले पर तलवार से हमला कर दिया. हमले में युवक के हाथ में गंभीर चोट आई है. बताया जा रहा है कि युवक अपनी बहन को जीजा के घर से लेने गया था. इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद जीजा ने तलवार से हमला कर दिया. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

फर्रुखाबाद: राम बारात में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट, वीडियो वायरल
फर्रुखाबाद में राम बारात के दौरान दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र में लोहाई रोड पर पूर्व एमएलसी के घर के बाहर की बताई जा रही है. सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि विवाद के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे. मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है.

महोबा: हाईटेंशन लाइन में करंट दौड़ने से संविदा लाइनमैन की मौत, बिजली विभाग पर सवाल
महोबा के महोबकंठ थाना क्षेत्र के घटेरा गांव स्थित दुलारा हार में हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय संविदा लाइनमैन विजय सिंह की करंट लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि लाइनमैन ने शटडाउन लेने के बाद नई हाईटेंशन लाइन पर काम शुरू किया था, लेकिन इसी दौरान अचानक करंट दौड़ गया. उन्हें पनवाड़ी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. विजय सिंह भरवारा पावर हाउस में तैनात थे. उनके पीछे चार साल की बेटी और दो साल का बेटा है. घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है.

इटावा: बेकाबू डंपर ने तीन नर्सिंग छात्रों को कुचला, एक की मौत, दो गंभीर
इटावा में बेकाबू डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार तीन नर्सिंग छात्र हादसे का शिकार हो गए. दुर्घटना में बलिया जिले के रसड़ा निवासी आकाश गुप्ता की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. तीनों सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पैरामेडिकल विज्ञान महाविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के वर्ष 2022 बैच के छात्र थे. घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.

सोशल मीडिया पर यूट्यूबर संजय यदुवंशी को गाली देने का आरोप, खान बाबा पर मुकदमा
सोशल मीडिया पर यूट्यूबर संजय यदुवंशी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है. यूट्यूबर की मां की तहरीर पर आरोपी खान बाबा के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की है. घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है.

कानपुर देहात: बच्चों से भरी स्कूली बस खेत में पलटी, कई बच्चों को मामूली चोटें
कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में उछेता गांव के पास राज इंटर कॉलेज की बच्चों से भरी स्कूली बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई. बस पलटते ही उसमें सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने चालक की लापरवाही को हादसे की वजह बताया है. हादसे में बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों की मदद की.

गाजियाबाद: इंदिरापुरम की बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में भीषण आग, दो कारें जलीं
गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित ज्ञानखंड-1 में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की स्टिल्ट पार्किंग में आग लग गई. प्लॉट नंबर 154 की पार्किंग में खड़ी कारों में आग फैलने से दो कारें पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक अन्य कार को आंशिक नुकसान पहुंचा. सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां और एक वाटर बाउजर मौके पर पहुंचे. जागरण की सजावट के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई. दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और लपटों को ऊपरी फ्लैटों तक पहुंचने से रोक दिया. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

हापुड़: टेंपो और ट्रैक्टर की टक्कर में नौ महिलाएं घायल, एक की मौत
हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र में गोहरा मुदाफरा मार्ग पर टेंपो और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई. हादसे में टेंपो सवार नौ महिलाएं घायल हो गईं. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. अन्य घायल महिलाओं का उपचार जारी है. हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

रायबरेली: रिश्वत मांगने के आरोप में थाने का घेराव, थाना प्रभारी पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
रायबरेली के भदोखर थाने में रिश्वत मांगने के आरोप को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया और थाने का घेराव कर नारेबाजी की. थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद पर कोर्ट मैरिज के एक मामले में समझौता होने के बावजूद 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों और ग्राम प्रधानों का आरोप है कि रुपये नहीं देने पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी गई. मामले को लेकर थाने के बाहर काफी देर तक विरोध प्रदर्शन हुआ. आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.

संभल: हिंसा के आरोपी शारिक साटा के घर पुलिस ने चस्पा किया नोटिस
संभल हिंसा के मामले में आरोपी शारिक साटा के घर पुलिस ने अदालत से जारी नोटिस चस्पा किया है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शारिक साटा पर 24 नवंबर 2024 को हुई हिंसा के दौरान चार लोगों की हत्या का आरोप है. बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2020 में कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो गया था. नखासा थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत नोटिस चस्पा किया है.

सोनभद्र: सलखन में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, परिवार में मातम
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के सलखन में ट्रेन की चपेट में आने से 35 वर्षीय कमलेश भारती की मौत हो गई. वह मारकुंडी के टोला अवई के निवासी थे. हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है.

बहराइच: गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने 10 साल के बच्चे पर किया हमला, मौत
बहराइच के कतर्नियाघाट क्षेत्र के ककरहा रेंज में तेंदुए के हमले में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चा घर के पास शौच के लिए गया था. इसी दौरान गन्ने के खेत में घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. हमले में बच्चे की जान चली गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इलाके में वन्यजीवों के हमले को लेकर दहशत का माहौल है.

जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर हत्या
जौनपुर में हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल की गोली मारकर हत्या. बीती रात को अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर उतारा मौत के घाट. वारदात से इलाके में मचा हड़कंप. घायल गुलाब पाल को सीएचसी केराकत ले जाया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी. केराकत के बलईपुर पतिला गांव की घटना.

बांदा में बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
बांदा के कमासिन थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है. आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक कटी हुई बाइक और उसके अलग-अलग पार्ट्स बरामद किए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को मढ़ीदाई देवी मंदिर के पास से बाइक चोरी हुई थी. कमासिन कस्बे में बबेरू रोड पर गश्त के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरी चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है.

बागपत में पत्नी पर कमेंट करने को लेकर दोस्त की हत्या, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
बागपत के दोघट क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान पत्नी पर भद्दा कमेंट करने को लेकर एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी. मृतक की पहचान पुष्पेंद्र के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में आरोपी मनोज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

बांदा में मकान से चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, गहने और नकदी बरामद
बांदा के बबेरू थाना क्षेत्र में मकान में चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है. पुलिस के मुताबिक, जुगरेहली गांव में चोर दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे थे और आभूषण लेकर फरार हो गए थे. 12 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान वंशीपुरवा मोड़ की पुलिया के पास दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

हमीरपुर में CHC के वार्ड बॉय का वीडियो वायरल, कुर्सी पर पैर रखकर लेटा दिखा कर्मचारी
हमीरपुर के राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में संविदा पर तैनात एक वार्ड बॉय का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में कर्मचारी कुर्सी पर पैर रखकर लेटा दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस में वार्ड बॉय के पद पर तैनात है. सीएचसी में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करने की जानकारी भी सामने आई है. वीडियो वायरल होने के बाद कर्मचारी की ड्यूटी और तैनाती को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की पुष्टि नहीं हुई है.

सोनभद्र में TVS एजेंसी संचालक के अपहरण की कोशिश का आरोप, पांच अज्ञात लोगों की तलाश
सोनभद्र के ओबरा में TVS एजेंसी संचालक रोहित गुप्ता के साथ मारपीट और अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है. पीड़ित के मुताबिक, बिल्ली पोखरा मार्ग पर कार सवार पांच अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और जबरन कार में बैठा लिया. आरोप है कि चलती कार में हैंडब्रेक खींचकर वह बाहर निकल गए, जिसके बाद आरोपियों ने पिस्तौल की बट से हमला किया और उन्हें सड़क पर फेंक दिया. सूचना पर पहुंची ओबरा पुलिस ने घायल को सीएचसी चोपन ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया. पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस संदिग्ध ब्रेजा कार और आरोपियों की तलाश कर रही है.

प्रयागराज में तीन दिन से लापता पॉलिटेक्निक छात्र का शव मिला, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र में तीन दिनों से लापता पॉलिटेक्निक छात्र कुमार गौरव का शव सोमवार को लाक्षागृह स्थित पक्के घाट के पास मिला. 22 वर्षीय गौरव 10 अक्टूबर की सुबह लखनऊ से ट्रेन के जरिए प्रयागराज संगम स्टेशन पहुंचा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा. बताया जा रहा है कि उसने अपनी मां से फोन पर बाइक बुक करने की बात कही थी. गौरव मेजा थाना क्षेत्र के अमिलिया गांव का निवासी था और लखनऊ के जीडी पंत पॉलिटेक्निक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था. पुलिस को आशंका है कि गंगा में डूबने से उसकी मौत हुई होगी और शव बहकर घाट तक पहुंचा. हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.

आगरा में बिट्टू लवानिया हत्याकांड में आरोपी सिपाही गिरफ्तार, प्रयागराज से पकड़ा गया
आगरा के बिट्टू लवानिया हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी सिपाही जैकी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी प्रयागराज में एक अधिकारी की सुरक्षा में तैनात था और छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था. आरोप है कि शुक्रवार रात उसने बिट्टू लवानिया को गोली मार दी थी. घायल बिट्टू की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. वह महेश ढाबे पर काम करता था. आरोपी सिपाही को प्रयागराज से गिरफ्तार करने की कार्रवाई थाना सदर बाजार, एसओजी और नगर सर्विलांस की टीम ने की. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

औरैया में बेटे ने लाठियों से पीटकर पिता की हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
औरैया जिले के एरवाकटरा क्षेत्र के राजाराम नगरिया गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है. आरोप है कि मामूली बात को लेकर बेटे आजाद ने अपने पिता को लाठियों से पीट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.

रामपुर जेल में आजम खान से पूछताछ करेगी ED, जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामलों पर होंगे सवाल
प्रवर्तन निदेशालय (ED) जौहर ट्रस्ट से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आज रामपुर जेल में सपा नेता आजम खान से पूछताछ करेगा. एजेंसी आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है. जांच के दौरान जौहर ट्रस्ट से जुड़े फैसलों में आजम खान की भूमिका, जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी विभागों के बजट से निर्माण कार्य कराने के आरोपों और कथित फर्जी दानदाताओं व डमी ट्रस्टियों से जुड़े पहलुओं पर सवाल किए जा सकते हैं. बताया जा रहा है कि आजम खान के करीबी ठेकेदार सलीम, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कई फर्म संचालकों और रामपुर से सपा विधायक नसीर अहमद खान के बयानों का भी उनसे मिलान कराया जाएगा.

कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट में वरुण सिंह की तलाश तेज, भारत में छिपे होने की आशंका
कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट से जुड़े मामले में एसटीएफ मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के करीबी वरुण सिंह की तलाश कर रही है. पहले उसके शुभम के साथ दुबई में होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन अब एजेंसियों को उसके भारत में ही कहीं छिपे होने का इनपुट मिला है. बताया जा रहा है कि वरुण सिंह धनबाद और रांची में सिंडिकेट का कारोबार संभालता था. बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह के बयानों में भी उसका नाम सामने आने की बात कही जा रही है. एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं.

कानपुर में अवैध पटाखों की खेप पकड़ी, 100 किलो से ज्यादा विस्फोटक सामग्री बरामद
दीपावली से पहले कानपुर में पुलिस ने अवैध पटाखों की खेप पकड़ी है. कार्रवाई के दौरान ई-ऑटो से 100 किलो से ज्यादा विस्फोटक सामग्री बरामद की गई. पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. बरामद पटाखों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पटाखे उन्नाव से खरीदकर कानपुर के ग्रामीण क्षेत्र महाराजपुर ले जाए जा रहे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है कि पटाखों का भंडारण और परिवहन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था.

राहुल गांधी मानहानि केस में आज सुल्तानपुर की विशेष अदालत में सुनवाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में आज सुल्तानपुर की एमपी-एमएलए विशेष अदालत में सुनवाई होगी. मामला 2018 में बेंगलुरु में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए कथित बयान से जुड़ा है. पिछली सुनवाई बार एसोसिएशन के शोकावकाश के चलते टल गई थी, जिसके बाद अगली तारीख 13 अक्टूबर तय की गई. राहुल गांधी की ओर से पहले ही लिखित बहस दाखिल की जा चुकी है. उनकी ओर से बयान को सद्भावनापूर्ण बताया गया है. अब अदालत में मामले की आगे की सुनवाई होगी.



Source link

Views: 7
Post image
Previous Post

सोनभद्र. महुली में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शानदार आगाज, नन्हे खिलाड़ियों ने मैदान में दिखाया दमखम

Next Post

‘जेलर 2′ की रिलीज से पहले कोर्ट ने गैरकानूनी स्ट्रीमिंग पर लगाई रोक, मेकर्स ने जताई थी चिंता- ’30 मिनट में हो जाती है लीक’

Next Post
‘जेलर 2′ की रिलीज से पहले कोर्ट ने गैरकानूनी स्ट्रीमिंग पर लगाई रोक, मेकर्स ने जताई थी चिंता- ’30 मिनट में हो जाती है लीक’

'जेलर 2' की रिलीज से पहले कोर्ट ने गैरकानूनी स्ट्रीमिंग पर लगाई रोक, मेकर्स ने जताई थी चिंता- '30 मिनट में हो जाती है लीक'

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

  • Contact US
  • Privacy Policy

© 2026 Sonebhadra Live News - Design by Cliker Studio.

error: Content is protected !!
No Result
View All Result
  • Contact US
  • Privacy Policy

© 2026 Sonebhadra Live News - Design by Cliker Studio.

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement