Last Updated:
रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की रिलीज से पहले मद्रास हाईकोर्ट ने बड़ा एक्शन लिया है. कोर्ट ने प्रोडक्शन कंपनी की याचिका पर फिल्म की पायरेसी और गैर-कानूनी रिलीज पर पाबंदी लगा दी है. मेकर्स ने चिंता जताई थी कि फिल्म 30 मिनट के अंदर ही ऑनलाइन लीक हो जाती है, जिससे कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. फिल्म अन्य भाषाओं के साथ हिंदी में भी रिलीज होगी.
फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है.
नई दिल्ली: मद्रास हाई कोर्ट ने अभिनेता रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ की गैर-कानूनी रिलीज पर रोक लगा दी है. नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी और रजनीकांत, विजय सेतुपति, एसजे सूर्या और अन्य कलाकारों से सजी फिल्म 15 अक्टूबर को दुनिया भर में रिलीज होने जा रही है. इस संबंध में प्रोडक्शन कंपनी ने मद्रास हाई कोर्ट में एक याचिका दायर कर वेबसाइटों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ‘जेलर 2’ की गैरकानूनी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की. कंपनी ने अपनी याचिका में कहा कि उसे भारी नुकसान उठाना पड़ता है क्योंकि फिल्म रिलीज होने के 30 मिनट के भीतर ही वेबसाइटों पर गैर-कानूनी रूप से अपलोड कर दी जाती है.
मामले की सुनवाई के बाद जस्टिस पीबी. बालाजी ने ‘जेलर 2’ की गैर-कानूनी रिलीज पर रोक लगाने का आदेश दिया. इससे पहले, फिल्म को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि फिल्म हिंदी में रिलीज नहीं होगी. 12 अक्टूबर को रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर निर्माताओं ने हिंदी रिलीज को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया.
‘जेलर 2’ का हिंदी वर्जन पर सफाई
फिल्म के पब्लिसिस्ट ने निर्माताओं की ओर से एक बयान जारी करके उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि फिल्म हिंदी में रिलीज नहीं होगी. बयान में कहा गया कि हाल की मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि ‘जेलर 2’ हिंदी में रिलीज नहीं होगी. हम साफ करना चाहते हैं कि फिल्म का हिंदी वर्जन 15 अक्टूबर को अन्य भाषाओं के साथ सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
रिटायर्ड जेलर के रोल को दोहराएंगे रजनीकांत
निर्माताओं ने आगे कहा कि फिल्म को उत्तर भारत में पेन मरुधर एंटरटेनमेंट डिस्ट्रिब्यूटर करेगी. हिंदी में थिएटर रिलीज के इवेंट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हम सभी मीडिया संस्थानों और प्लेटफॉर्म से अनुरोध करते हैं कि वे इस पर ध्यान दें और फिल्म की रिलीज को लेकर किसी भी गलत जानकारी का प्रसार न करें. मीडिया के सहयोग और साथ के लिए हम आभारी हैं. ‘जेलर 2’ साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है. इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका में नजर आएंगे, जो धमकियों से जुड़े एक नए खतरनाक संघर्ष में उलझ जाते हैं.
About the Author

अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर \’न्यूज18 डिजिटल\’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…

