Last Updated:
Chitrakoot ki local news : चित्रकूट के इस गांव में आजादी के बाद भी लोग बिजली पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं. लगातार कोशिशों के बाद अब कोल्हुवा माफी गांव का ये इंतजार खत्म होने वाला है. विद्युत विभाग ने दीपावली से पहले गांव में बिजली पहुंचाने की उम्मीद जताई है. चित्रकूट की कर्वी तहसील में आने वाला कोल्हुवा माफी गांव कई दशक से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है. समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय की पहल पर मामला जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. कोल्हुवा माफी गांव की रहने वाली फुला बाई के अनुसार अधिकारियों ने कहा है कि एक महीने के अंदर आपके गांव में बिजली पहुंच जाएगी.
चित्रकूट. यूपी के चित्रकूट में एक गांव ऐसा भी है, जहां आजादी के बाद भी लोग बिजली पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं. हालांकि अब लंबे इंतजार के खत्म होने की उम्मीद है. समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय और गांव वालों की लगातार कोशिशों के बाद अब कोल्हुवा माफी गांव में बिजली पहुंचने वाली है. विद्युत विभाग ने दीपावली से पहले गांव में बिजली पहुंचाने की उम्मीद जताई है. अगर तय समय पर काम पूरा हो जाता है, तो इस बार दीपावली पर ग्रामीण घरों में मिट्टी के दीपक के साथ लाइट भी जला सकेंगे. चित्रकूट की कर्वी तहसील के अंतर्गत आने वाला कोल्हुवा माफी गांव लंबे समय से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है. गांव में विद्युत लाइन नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक में परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
कोल्हुवा माफी गांव की इस समस्या को दूर कराने के लिए समाजसेविका अर्चना नितिन उपाध्याय पिछले करीब पांच महीनों से प्रयास कर रही हैं. उन्होंने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों तक उनकी आवाज पहुंचाई. मामला जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद विद्युत विभाग, राजस्व विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया.
बड़ी राहत मिलेगी
कोल्हुवा माफी गांव की रहने वाली फुला बाई लोकल 18 से कहती हैं कि इस गांव में बिजली कभी नहीं आई. बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के कामों में काफी समस्याएं होती हैं. बरसात के समय अंधेरा होने से कीड़े मकोड़ों का भी खतरा रहता है. अधिकारियों ने कहा है कि एक महीने के अंदर आपके गांव में बिजली पहुंच जाएगी. अर्चना नितिन उपाध्याय कहती हैं कि उन्होंने अधिकारियों से गांव में बिजली पहुंचाने की मांग दोहराई है. आश्वासन मिला है कि इसी महीने काम शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि दीपावली से पहले गांव में बिजली पहुंचने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी.
क्या बोले अधिकारी
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके यादव बताते हैं कि कोल्हुवा माफी गांव में विद्युत आपूर्ति पहुंचाने से संबंधित कागजी कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है. शेष प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम कराया जाएगा. विभाग को उम्मीद है कि दीपावली से पहले गांव में बिजली की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
