Last Updated:
DDU Juntion News: शारदीय नवरात्र के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने इंतजाम किया है. पटना और प्रयागराज जंक्शन के बीच 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. आइए इसके समय और दिन के बारे में जानते हैं.
डीडीयू जंक्शन: शारदीय नवरात्र के अवसर पर विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है. श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पटना और प्रयागराज के बीच मेमू मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी, जिससे यात्रियों को सफर के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
वहीं, पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि ट्रेन संख्या 04182 प्रयागराज-पटना मेमू मेला स्पेशल 11 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन प्रयागराज जंक्शन से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी. यह विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए रात 8:15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी.
डीडीयू, मिर्जापुर और विंध्याचल में भी रुकेगी ट्रेन
प्रयागराज से पटना जाने के दौरान इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव नैनी, मेजा रोड, मांडा रोड, विंध्याचल, मिर्जापुर, चुनार, डीडीयू जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर स्टेशनों पर होगा. इन स्टेशनों पर रुकने से रास्ते में पड़ने वाले शहरों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी. खासकर विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालु इस ट्रेन से अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे.
पटना से रात 9 बजे होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 04181 पटना-प्रयागराज मेमू मेला स्पेशल पटना जंक्शन से प्रतिदिन रात 9 बजे प्रस्थान करेगी. यह दानापुर, आरा, बक्सर, डीडीयू जंक्शन, चुनार, मिर्जापुर, विंध्याचल, मांडा रोड, मेजा रोड और नैनी स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी.
मैहर जाने वाले यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा
नवरात्र के दौरान मैहर धाम में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अक्टूबर महीने में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का मैहर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया है. ये ट्रेनें डीडीयू जंक्शन होकर गुजरेंगी. रेलवे की इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवागमन को सुविधाजनक बनाना और श्रद्धालुओं को यात्रा के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराना है.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें

