संवाददाता@रामबली मिश्रा….

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को बीजपुर क्षेत्र के देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां आदिशक्ति दुर्गा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और देश-समाज के कल्याण की कामना की।

क्षेत्र के मां दूधइया मंदिर, बेड़ियां हनुमान मंदिर, रिहंदेश्वर मंदिर, सिरसोती, अंजानी, सेवकाडाड़, जरहा स्थित अजीरेश्वर मंदिर, बकरिहवा सहित विभिन्न ग्रामीण अंचलों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। नवरात्र के पहले दिन अनेक श्रद्धालुओं ने व्रत धारण किया। वहीं, नौ दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों ने कलश स्थापना कर दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू किया।

पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना और धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर भी उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में घंटा-घड़ियाल की गूंज और माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। नवरात्र के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। भक्तों ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।