Last Updated:
Kanpur ki local news : कानपुर में नवरात्रि से ठीक पहले मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, सेंधा नमक, फूल मखाना और मूंगफली समेत व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विभाग की पैनी नजर है. खाद्य विभाग की टीमों ने पनकी, बिधनू, रतनलाल नगर और कलेक्टरगंज में छापेमारी की. अलग-अलग खाद्य पदार्थों के आठ संदिग्ध नमूने लिए गए हैं. 90 किलोग्राम कुट्टू का आटा और 350 किलोग्राम साबुत कुट्टू सीज किया गया है.
कानपुर में संदिग्ध नमूना जुटाती टीम.
कानपुर. नवरात्रि से ठीक पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की 10 से अधिक टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं. त्योहार के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है. कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, सेंधा नमक, फूल मखाना और मूंगफली समेत व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जा रही है. दूध, पनीर, खोया और दूसरे खाद्य पदार्थों की भी जांच के निर्देश दिए गए हैं.
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने पनकी, बिधनू, रतनलाल नगर और कलेक्टरगंज में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के कुल आठ संदिग्ध नमूने संग्रहित किए गए. इनमें हल्दी पाउडर, सेंधा नमक, बुकनू, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और घी समेत दूसरे खाद्य पदार्थ शामिल हैं. सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है. अब लैब की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी. गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.
बिधनू में पकड़ी 440 किलो सामग्री
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान बिधनू स्थित गौरव इंटरप्राइजेज में भी जांच की गई. यहां से टीम ने 90 किलोग्राम कुट्टू का आटा और 350 किलोग्राम साबुत कुट्टू सीज किया. इस सामग्री की कुल कीमत 81,300 रुपये से अधिक बताई गई है. विभाग की ओर से संग्रहित नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है. संबंधित प्रबंधक के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमा दर्ज किया गया था. इस बार छापेमारी की सूचना मिलने के बाद प्रबंधक के मौके से फरार हो गया.
दूध पनीर खोया भी निशाने पर
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग व्रत रखते हैं और ऐसे में कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, सेंधा नमक, मूंगफली और मखाने जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं. विभाग की 10 से अधिक टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं. अभियान के तहत केवल व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा में उपयोग होने वाले दूध, पनीर और खोया जैसे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी परखी जा रही है. सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुल आठ संदिग्ध नमूने संग्रहित किए गए हैं. इन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है.
जिलाधिकारी की आपसे अपील
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने त्योहार के मद्देनजर आम लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और पैकिंग पर विशेष ध्यान दें. संभव हो तो प्रतिष्ठित और विश्वसनीय दुकानों से ही सामान खरीदें. पैकेट पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम और दूसरी जरूरी जानकारियां अवश्य जांचें. खुले में बिकने वाली सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर सावधानी बरतें और संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…
और पढ़ें

