Agency:एजेंसियां
Last Updated:
Kannauj Viral Video News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक 20 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद पर लगभग 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. युवती ने चेतावनी दी कि अगर उसकी शादी मनीष नाम के युवक से नहीं कराई गई, तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी. इसके बाद वहां भीड़ जमा हो गई. पुलिस-प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए.
टावर पर चढ़ गई प्रेमिका. (सोशल मीडिया से)
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में प्यार और जिद का एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को घंटों सांसें थामने पर मजबूर कर दिया. सौरिख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेरी रामपुर गांव में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे एक युवती अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर लगभग 100 फीट ऊंचे एयरटेल मोबाइल टावर पर जा चढ़ी. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और टावर के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले 22 वर्षीय मनीष और 20 वर्षीय आशिकी के बीच पिछले 5 सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के घरों की दूरी महज 50 मीटर है और दोनों एक ही जाति से ताल्लुक रखते हैं. परिवारिक पृष्ठभूमि किसान और मजदूर वर्ग से जुड़ी है. हालांकि, दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे. मनीष के घरवालों ने उसकी शादी मैनपुरी में तय कर दी थी, वहीं आशिकी के घरवालों ने भी करीब 5 महीने पहले उसका रिश्ता दूसरी जगह पक्का कर दिया था, जिससे दोनों आहत थे. शादी की बात तय होते ही मनीष ने आशिकी से बातचीत बंद कर दी थी.
50 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर शुरू किया हंगामा
शनिवार सुबह आशिकी अचानक घर से निकलकर गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई. टावर की करीब 50 फीट की ऊंचाई पर पहुंचकर उसने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. युवती लगातार यह कह रही थी कि उसने 5 साल तक मनीष से प्यार किया है और वह उसी से शादी करेगी. उसने धमकी दी कि यदि उसकी मांग नहीं मानी गई, तो वह नीचे कूदकर जान दे देगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस तथा उसके घरवालों की होगी.
सिंदूर की डिब्बी लेकर टावर पर चढ़ा प्रेमी
युवती की जिद और बढ़ती खतरे की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्रेमी मनीष को मौके पर बुलाया. शुरुआती आनाकानी के बाद पुलिस के समझाने पर मनीष टावर पर चढ़ने के लिए राजी हुआ. पुलिस ने उसे सिंदूर की डिब्बी देकर ऊपर भेजा. टावर के ऊपर पहुंचकर मनीष ने आशिकी की मांग भरी और उसे नीचे चलने के लिए राजी किया. करीब दो घंटे चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दोनों सुरक्षित नीचे उतर आए. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें

