Last Updated:
Mathura Latest News: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर आचार्य राजेश्वर महाराज ने बड़ा संकल्प लिया है. उन्होंने कहा कि जब तक जन्मभूमि के मूल गर्भगृह वाली जगह पर भव्य मंदिर नहीं बन जाता, तब तक वह दर्शन करने नहीं आएंगे. जगन्नाथपुरी से मथुरा पहुंची रथ यात्रा के साथ चारों धामों से निकाली गई यात्राओं का संकल्प पूरा हो गया है. अब अगली यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही है.
: मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर आचार्य राजेश्वर महाराज ने बड़ा संकल्प लिया.
मथुरा: यूपी के मथुरा में श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. देश के चारों धामों से मथुरा तक निकाली गई श्री कृष्ण रथ यात्राओं का सिलसिला गुरुवार को पूरा हो गया. आखिरी यात्रा ओडिशा के जगन्नाथपुरी से मथुरा पहुंची. यहां यात्रा में शामिल लोगों ने श्री कृष्ण जन्मभूमि के दर्शन किए और मंदिर बनने तक दोबारा दर्शन न करने का संकल्प लिया.
यह यात्रा करीब तीन साल पहले शुरू किए गए संकल्प का हिस्सा थी. श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह के आह्वान पर ये यात्राएं निकाली गई थीं. संयुक्त भारतीय धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर महाराज के नेतृत्व में जगन्नाथपुरी से आई यात्रा का मथुरा में स्वागत किया गया.
मंदिर बनने के बाद ही दर्शन करने की बात
आचार्य राजेश्वर महाराज ने कहा कि जब तक श्री कृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह वाली जगह पर भव्य मंदिर नहीं बन जाता, तब तक वह यहां दर्शन करने नहीं आएंगे. उन्होंने कहा कि मंदिर बनने के बाद ही वह अपने अनुयायियों के साथ दर्शन करने आएंगे. यात्रा में शामिल अन्य लोगों ने भी इसी तरह का संकल्प लिया.
चारों धामों से मथुरा पहुंचीं यात्राएं
महेंद्र प्रताप सिंह के आह्वान पर मार्च 2025 में गुजरात के द्वारका से यात्रा निकाली गई थी. इसके बाद अक्टूबर में बद्रीनाथ और दिसंबर में रामेश्वरम-पंढरपुर से यात्राएं मथुरा पहुंचीं. अब जगन्नाथपुरी से आई आखिरी यात्रा के साथ चारों दिशाओं से निकाली गई यात्राओं का यह चरण पूरा हो गया है. महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इन यात्राओं के जरिए देश के करीब 40 से 50 हजार गांवों, शहरों और कस्बों तक पहुंचने की कोशिश की गई. उन्होंने बताया कि आगे भी यात्राएं निकालने की योजना है. अगली यात्रा की घोषणा जल्द की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य श्री कृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह वाली जगह पर फिर से भव्य मंदिर बनवाना है. उन्होंने दावा किया कि इन यात्राओं के जरिए जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया गया है. आचार्य राजेश्वर महाराज ने भी कहा कि करीब तीन साल पहले चारों धामों से रथ यात्राएं निकालने का जो संकल्प लिया गया था, वह अब पूरा हो गया है. उनके मुताबिक, इस अभियान से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं. अब आगे की यात्रा को लेकर तैयारी की जा रही है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें
