@जे0 के0……

SONBHADRA। पवित्र सावन माह के तीसरे सोमवार को ऐतिहासिक शिवद्वार धाम स्थित उमा महेश्वर पर जलाभिषेक के लिए कांवरियों का महा जन सैलाब उमड़ पड़ा ।आलम यह रहा की रविवार को दोपहर के बाद कांवरियों के जो शिव द्वारा पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ और सोमवार देर शाम तक चलता रहा। कांवरियों को दर्शन पूजन करने के लिए स्थानीय प्रशासन के पसीने छूट गए।
कांवरियों की भारी भीड़ के कारण कई बार घोरावल शिवद्वार मार्ग पर सड़क जाम की समस्या से लोगों को दो-चार होना पड़ा। सोमवार की भोर में डाक कांवरियों के पहुंचने के साथ जलाभिषेक का जो सिलसिला शुरू हुआ वह सोमवार की देर रात तक घंटा घड़ियाल बजते रहे तथा हर हर महादेव एवं बोल बम के जयकारे से दक्षिण काशी गूंजायमान रहा।

एक तरफ जहां विभिन्न जनपदों के लाखों कांवरिया 70 किलोमीटर की पद यात्रा करके शिवद्वार जलाभिषेक के लिए पहुंचे वहीं दूसरी तरफ भारी विद्युत कटौती ,गड्ढा युक्त सड़क के कारण 20% कांवरियों के पैरों में छाले पड़ गए जो चिंता का विषय रहा। कांवरियों में छोटे-छोटे बच्चों से लेकर 70 वर्ष के वृद्ध तक उत्साह पूर्वक कांवर यात्रा करते हुए देखे गए ।कांवड़ियों में महिलाओं एवं युवाओं में काफी उत्साह रहा।
श्वेत वस्त्र धारी 2000 डाक बम कांवरिया आकर्षण का केंद्र रहे। जो नॉनस्टॉप शिव द्वारा पहुंचकर जलाभिषेक किया। 200 से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियां एवं डीजे के भक्ति मय गीतों पर थिरकते हुए कांवरिया कांवड़ यात्रा करते हुए देखे गए ।जिला प्रशासन द्वारा कावड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी । सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन के निगरानी में जलाभिषेक संपन्न किया गया।

जिला स्काउट कमिश्नर सुनील सिंह की अगुवाई में दो दर्जन युवा स्काउट और गाइड ने कांवरियों को दर्शन और पूजन में काफी सहयोग किया। कावड़ यात्रा सकुशल संपन्न करने के लिए सादे वर्दी में पुलिस एवं महिला पुलिस के जवानों ने शांति व्यवस्था की कमान संभाली ।पुलिस क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय, तहसीलदार प्रवीण कुमार सिंह ,नायब तहसीलदार विदित कुमार तिवारी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, शिवद्वार चौकी प्रभारी कविंद्र यादव, कस्बा चौकी प्रभारी उदय नारायण कुशवाहा पुलिस बल के साथ लगातार चक्रमण करते रहे।
घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा कांवरियों के लिए चिकित्सा कैंप का आयोजन किया गया। शिवद्वार धाम के प्रधान पुजारी सुरेश गिरी ने बताया सोमवार दोपहर तक लगभग 2 लाख लोगों ने दर्शन और पूजन किया।
पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने कावड़ यात्रा में प्रशासन की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की ।उन्होंने बताया कि जब जिला प्रशासन को यह पता था कि लाखों कावरियो द्वारा शिव द्वार में जलाभिषेक किया जाता है इसके बाद भी जर्जर एवं गड्ढा युक्त सड़क ,भारी विद्युत कटौती, कांवड़ियों के लिए शेल्टर का अभाव काफी चिंताजनक रहा। उन्होंने कहा कि टेन्ट के अभाव में अंधेरे में कांवरियों को सड़क पर सोते हुए देखना काफी निराशा जनक है।


