@जे0 के0…..

SONBHADRA। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ ग्राम में सोमवार को दिन में करीब 11 बजे डीजे वाहन पलटने से सात कांवरिया घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र से कांवरियों का एक जत्था शिवद्वार धाम में जलाभिषेक करने आया था।
सोमवार को जलाभिषेक के बाद सभी कांवरिया डीजे वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पेढ़ गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन पर रखा जनरेटर भी नीचे गिर गया, जिससे सात कांवरिया घायल हो गए।

घायलों में देवा सरोज (17) पुत्र मंगल, अंकित (15) पुत्र राजकुमार, नान्हक बिंद (16) पुत्र तुलसी निवासी मलई की बारी, शहर कोतवाली मिर्जापुर, आशीष सरोज (27) पुत्र धामू सरोज निवासी चिंदलीक गहरवार, देहात कोतवाली, हर्ष सरोज (14) पुत्र शिव मंगल सरोज, अंकित सरोज (17) पुत्र जोगिंदर तथा देव (17) पुत्र रामजी बिंद निवासी मलई बारी, मिर्जापुर शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस इंस्पेक्टर माधव सिंह सेक्टर नंबर-3 तथा हेड कांस्टेबल राजीव कुमार सिंह ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाकर उपचार कराया। प्रारंभिक जानकारी में हादसे की वजह सड़क पर बने गड्ढों को बताया जा रहा है। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है।
