मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…..

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर सोमवार को रॉबर्ट्सगंज नगर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नगर के वीरेश्वर महादेव मंदिर, बरैला बाबा महादेव मंदिर, सोमनाथ मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया।

वहीं, नाग पंचमी के अवसर पर घरों में भी नाग देवता की पूजा-अर्चना की गई। लोगों ने नाग देवता की तस्वीर स्थापित कर दूध और जल अर्पित किया तथा सुख-शांति की कामना की।

पर्व को लेकर बाजारों में भी सुबह से ही चहल-पहल रही। श्रद्धालु नाग देवता की तस्वीर, लावा, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री खरीदते नजर आए।

सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में भी धार्मिक उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर परंपरागत दंगल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है , जिसमें पहलवान अपने दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। पर्व को लेकर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल बना है।

