पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा..…
…जाम नालियों ने खोली नगर पालिका की बारिश पूर्व सफाई व्यवस्था की पोल, देर रात स्थानीयों ने खुद खोला पानी का रास्ता

रॉबर्ट्सगंज मे रविवार देर रात करीब 9:30 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। करीब एक घंटे की बारिश के बाद न्यू कॉलोनी का मुख्य मार्ग नहर में तब्दील हो गया।

लोग घरों के अंदर थे और उन्हें तब स्थिति की गंभीरता का पता चला, जब बारिश का पानी घरों में घुसने लगा। देखते ही देखते कॉलोनी का नजारा बाढ़ जैसा हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्ग के दोनों तरफ बनी नालियां लंबे समय से जाम हैं। इसके अलावा नगर का पानी भी तेजी से न्यू कॉलोनी की ओर पहुंचता है, जिससे जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है।

महिला थाने के पास से कॉलोनी में आने वाली दोनों ओर की नालियां पूरी तरह जाम होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर बहने लगा और कुछ ही देर में आसपास के घरों में घुस गया।

अंक हॉस्पिटल के पास की गली में कई घरों में करीब एक फीट तक पानी पहुंच गया। घरों की रसोई में रखे बर्तन तक पानी में तैरने लगे। स्थानीयों का कहना है कि पिछले दो-तीन वर्षों से हर तेज बारिश में यही स्थिति बन रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं कराया गया।

लोगों ने नगर पालिका पर बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया। देर रात स्थानीय लोगों ने स्वयं जाम नालियों को खोलकर पानी निकासी का रास्ता बनाया। इसके बाद रात्रि करीब 12 बजे तक घरों से पानी बाहर निकल सका।

स्थानीयों ने नगर पालिका परिषद से तत्काल जाम नालियों की सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अभी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, ऐसे में समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो दोबारा घरों में पानी घुसने से बड़ी परेशानी हो सकती है।

