संवाददाता@वीरेंद्र यादव……

एनटीपीसी सिंगरौली सुपर थर्मल पावर स्टेशन में 80वें स्वतंत्रता दिवस का समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद सीआईएसएफ ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और परेड का निरीक्षण किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं सीआईएसएफ जवानों की शानदार परेड ने राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, सतत विकास, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में एनटीपीसी की भूमिका पर प्रकाश डाला।

समारोह में गुब्बारे छोड़े गए और सीएसआर के तहत बालिकाओं को साइकिल वितरित की गईं। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सीआईएसएफ फायर विंग के विशेष प्रदर्शन ने भी दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
इस दौरान “ICOMIT Chronicles – Volume 1: Integrity” का अनावरण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों और विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में संजीवनी चिकित्सालय में नवीन फिजियोथेरेपी यूनिट का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि ने मरीजों को फल वितरित किए और जरूरतमंदों को फल व कंबल प्रदान किए। परिसर के विभिन्न भवनों एवं विद्यालयों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। समारोह ने राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प को मजबूत किया।





