मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन……

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर आजादी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज स्थित आरटीएस क्लब के पास जिला आबकारी विभाग कार्यालय परिसर में जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण पांडेय ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण से एक दिन पूर्व ही कार्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे कार्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। इसके बाद सभी कर्मचारियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।

इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सेवा केवल सीमा पर तैनात जवानों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम विनोद कुमार साव, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र द्वितीय रविनंदन, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र तृतीय अमित कुमार सहित अन्य आबकारी कर्मचारी मौजूद रहे।





