संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

सेंट ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, रेणुकूट में देशभक्ति, उत्साह और उमंग से सराबोर वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने नगर में प्रभात फेरी निकालकर लोगों को देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं स्वच्छता से जुड़े नारों के माध्यम से नगरवासियों को अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, मनमोहक नृत्यों, गीत-नाटिकाओं तथा सामाजिक संदेशों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया और पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों के उत्साह एवं शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन आशीष सिंह एवं स्कूल मैनेजर मुकेश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। ‘युवा शक्ति’ की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के समग्र संचालन में सचिन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन को सफल बनाने में सेंट ए.बी.आर. परिवार के समस्त सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।





