मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन……

राबर्ट्सगंज नगर स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम स्कूल में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ धूमधाम एवं देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। प्रातः विद्यार्थियों और शिक्षकों के सहयोग से प्रभात फेरी निकाली गई, जो नगर भ्रमण के बाद विद्यालय परिसर पहुंची। इसके पश्चात प्रधानाचार्य फा. आनन्द कुमार जॉन ने मुख्य अतिथि डॉ. शिवेशानन्द एवं विशिष्ट अतिथि श्रीनारायण शुक्ला के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और प्रधानाचार्य ने मार्च पास्ट की सलामी ली।
शिक्षिका प्रियम्बदा पाण्डेय ने स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और बलिदानों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को आजादी के महत्व से परिचित कराया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह भर दिया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।

प्रतापगढ़ से आए मुख्य अतिथि डॉ. शिवेशानन्द ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान किया, ताकि आने वाले वर्षों में भारत विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।
प्रधानाचार्य फा. आनन्द कुमार जॉन ने वीर शहीदों के बलिदानों को याद करते हुए नागरिकों के कर्तव्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस के शताब्दी वर्ष के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। विद्यार्थियों को अध्ययन पर विशेष ध्यान देकर उच्च पदों, व्यवसाय और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा जिम्मेदार एवं योग्य नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए, ताकि वे देश की बेहतर सेवा कर सकें।
कक्षा 10 की छात्रा जरीन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन कक्षा सात की छात्राओं रोहिणी एवं आराध्या ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।





