संवाददाता@मिथिलेश जायसवाल……
— बहन के घर के सामने सड़क पर मिला 34 वर्षीय नीतीश का शव, सिर और आंख के ऊपर चोट के निशान; पुराने विवाद से जोड़कर देखी जा रही घटना

कोन थाना क्षेत्र के केवाल निवासी करीब 34 वर्षीय नीतीश कुमार उर्फ बाटा, पुत्र ललित तिवारी, की मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब 7:30 बजे उसका शव ग्राम पंचायत चेरवाडीह में मुख्य मार्ग पर उसकी बहन के घर के सामने पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्यवाही में जुट गयी है।
मृतक के परिजनों ने घटना को दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता ललित तिवारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व चेरवाडीह में कुछ युवकों से उनके पुत्र का विवाद हुआ था। बताया गया कि विवाद उसकी भांजी के प्रेम-प्रसंग से जुड़ा था और मामला थाने तक पहुंचा था। बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया था। परिजनों को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश में नीतीश की हत्या कर शव को सड़क पर रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

शव के सिर और आंख के ऊपर कटने के निशान मिले हैं। परिजनों के अनुसार चोट के निशान धारदार हथियार से वार किए जाने जैसे प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि चोटों की वास्तविक प्रकृति और मृत्यु के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों द्वारा संदेह जताए गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
