Last Updated:
Lucknow Latest News: लखनऊ के बीकेटी इलाके में खेलते समय 3 साल की मासूम बच्ची पानी से भरे बेसमेंट में गिर गई. डूबने से उसकी मौत हो गई. हादसा महिंगवां थाना क्षेत्र में बांके नगर चौराहे के पास हुआ. मृतका की पहचान नंदिनी के रूप में हुई है. उसका परिवार मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है और बीकेटी में मजदूरी करता है.
बच्चों के साथ बेसमेंट के ऊपर खेल रही थी बच्ची (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ के बीकेटी इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 3 साल की मासूम बच्ची की जान चली गई. बच्ची घर के पास बच्चों के साथ खेल रही थी. इसी दौरान अचानक वह पानी से भरे बेसमेंट में गिर गई और डूबने से उसकी मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
घटना महिंगवां थाना क्षेत्र में बांके नगर चौराहे के पास की बताई जा रही है. मृतका की पहचान नंदिनी के रूप में हुई है. उसके पिता का नाम देवभान यादव बताया गया है. परिवार मूल रूप से सीतापुर का रहने वाला है और बीकेटी इलाके में मजदूरी का काम करता है.
बेसमेंट के ऊपर खेल रही थी नंदिनी
बताया जा रहा है कि बेसमेंट में बारिश का पानी भर गया था. बच्ची बेसमेंट के ऊपर वाले फ्लोर पर दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी. खेलते समय वह अचानक नीचे पानी से भरे बेसमेंट में जा गिरी. बेसमेंट में पानी ज्यादा होने की वजह से बच्ची उसमें डूब गई.
बच्ची की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. बच्ची को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. मासूम की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
क्या बोले स्थानीय लोग
इस घटना के बाद बेसमेंट में सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर बारिश का पानी जमा था, वहां बच्चों के पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. ऐसे में सवाल है कि खुले या पानी से भरे बेसमेंट के आसपास सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं किए गए.
परिवार ने नहीं कराया बच्ची का पोस्टमार्टम
एक और बात सामने आई है कि परिवार बच्ची के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए अपने मूल निवास सीतापुर लेकर चला गया. पुलिस को भी घटना की जानकारी नहीं दी गई. ऐसे में हादसे को लेकर पुलिस स्तर पर आधिकारिक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है.
स्थानीय लोगों में नाराजगी
फिलहाल इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान खुले बेसमेंट और पानी से भरी जगहों को लेकर प्रशासन और संबंधित लोगों को पहले से सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें

