@जे0 के0…….

Sonbhadra। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारी को योजना की रूपरेखा तैयार कर बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

इसके बाद फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने प्रगति में तेजी लाने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का उद्देश्य पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान भी उन्होंने पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी संबंधित अधिकारी नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
