संवाददाता@अनिल अग्रहरी…..
— लगभग 20 दिन पहले गांव में भटककर आई थी महिला, पुलिस जांच में जुटी

चोपन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटा ग्राम पंचायत के टोला भक्सीहवा में सोमवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात मानसिक रूप से विक्षिप्त अधेड़ महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव काफी पुराना होने के कारण उसमें कीड़े पड़ गए थे और आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, उक्त महिला लगभग 20 दिन पहले भटकते हुए कहीं अन्य स्थान से टोला भक्सीहवा पहुंची थी। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी और गांव के आसपास घूमकर मांगकर अपना जीवन यापन करती थी। सोमवार को उसका शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव की हालत बेहद खराब थी और शरीर का आधे से अधिक हिस्सा सड़-गल चुका था।

शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना चोपन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा शव की पहचान कराने के साथ ही महिला की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।