Last Updated:
वेब सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ फेम श्रेया चौधरी अब बड़े पर्दे पर अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ‘डियर माया’ और कई शॉर्ट फिल्मों में काम कर चुकीं श्रेया का यह थिएट्रिकल डेब्यू बेहद ग्रैंड होने वाला है. वह बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना के साथ अपकमिंग फिल्म ‘मुपापा’ में नजर आएंगी. यशराज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म का निर्देशन समीर सक्सेना कर रहे हैं.
आयुष्मान खुराना की ‘मुपापा’ में हीरोइन बनीं श्रेया चौधरी. (फोटो: Instagram@shreya__chaudhry)
नई दिल्ली. हिट वेब सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ में तमन्ना शर्मा के रोल से हर दिल पर छाने वाली अदाकारा श्रेया चौधरी अब बॉलीवुड में अपनी बड़ी पारी खेलने को तैयार हैं. ओटीटी पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने के बाद श्रेया अब बड़े पर्दे पर कदम रखने जा रही हैं. उनका यह थिएट्रिकल डेब्यू बेहद खास होने वाला है, क्योंकि वह बॉलीवुड के वर्सेटाइल एक्टर आयुष्मान खुराना के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. दोनों सितारे अपकमिंग फिल्म ‘मुपापा’ में एक साथ दिखेंगे.
मुपापा’ में श्रेया चौधरी के किरदार और कहानी को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. मेकर्स ने फिल्म से जुड़ी ज्यादातर डिटेल्स को अभी सीक्रेट रखा है. ऐसे में श्रेया और आयुष्मान की जोड़ी को किस तरह की कहानी में दिखाया जाएगा, इसे लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है.
श्रेया चौधरी ने ओटीटी पर बनाई पहचान
एक्ट्रेस को वाईआरएफ टैलेंट ने एक्सक्लूसिव मैनेजमेंट के लिए साइन किया है. इसे उनके प्रोफेशनल सफर में एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. श्रेया ने अब तक वेब सीरीज और फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है और अब वह थिएट्रिकल फिल्मों की ओर आगे बढ़ रही हैं. ‘मुपापा’ का निर्देशन समीर सक्सेना कर रहे हैं. फिल्म को यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी और पोशम पा पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं. ‘मुपापा’ यशराज फिल्म्स और पोशम पा पिक्चर्स की पहली थिएट्रिकल साझेदारी है.
‘डियर माया’ से एक्टिंग की दुनिया में रखा कदम
श्रेया चौधरी ने साल 2017 में फिल्म ‘डियर माया’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. फिल्म में उन्होंने इरा का किरदार निभाया था. इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तरह के प्रोजेक्ट्स में काम किया, लेकिन उन्हें पहचान ‘बंदिश बैंडिट्स’ से मिली. इस सीरीज में उन्होंने तमन्ना शर्मा का रोल निभाया था. तमन्ना एक पॉप स्टार है, जो क्लासिकल और मॉडर्न म्यूजिक की दुनिया के बीच अपनी पहचान बनाने की कोशिश करती है. श्रेया के इस किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था.
अगले साल रिलीज होगी आयुष्मान खुराना की ‘मुपापा’
इसके अलावा श्रेया चौधरी शॉर्ट फिल्म ‘द अदर वे’ में भी नजर आ चुकी हैं. वह ‘द मेहता बॉयज’ में जारा का किरदार भी निभा चुकी हैं. अब ‘मुपापा’ के जरिए उन्हें थिएटर के बड़े पर्दे पर खुद को एक नए अंदाज में पेश करने का मौका मिला है. यह मच-अवेटेड फिल्म अगले साल 19 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें

