संवाददाता@उमेश सिंह…..

अनपरा थाना क्षेत्र के लाल टावर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक नाबालिग युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।

नपं अनपरा के वार्ड 16 तिलक नगर मोहल्ला लाल टावर निवासी मधु कुन्काल ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में पाइप के सहारे दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।सुबह जब उसकी मां कमरे में पहुंची तो बेटे को फंदे से लटकता देख उनकी चीख निकल गई। मां की दहाड़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया।
अनपरा प्रभारी निरीक्षक पुण्य प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










