संवाददाता@बद्रीप्रसाद…

चोपन थाना क्षेत्र के आदिवासी बहुल बेलछ टोला रुदौली में शनिवार भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गरीब महिला सुमित्रा पत्नी स्वर्गीय छोटेलाल गौड़ का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मकान का ऊपरी हिस्सा और बड़ेर टूटकर गिरने से घर में रखा घरेलू सामान, खाद्य सामग्री समेत अन्य जरूरी वस्तुएं मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं।

गनीमत रही कि हादसे के वक्त परिवार के सभी सदस्य किसी काम से घर के बाहर निकल गए थे। इसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए। मकान गिरने की घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित महिला सुमित्रा ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर मकान क्षति का स्थलीय निरीक्षण कराते हुए उचित मुआवजा एवं हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से गरीब परिवार की तत्काल मदद किए जाने की मांग उठाई है।

