पंचायत संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…
..सेवखरी गांव में लंबे समय से झुका हुआ है हाईटेंशन पोल, दरार पड़ने से ग्रामीणों में दहशत

रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत सेवखरी में हाईटेंशन बिजली का पोल जर्जर होकर काफी झुक गया है। पोल में दरार पड़ने के कारण ग्रामीणों के बीच हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पोल काफी लंबे समय से झुका हुआ है, लेकिन अब तक इसे ठीक कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीण अमन मौर्य ने बताया कि गठपुरवा से तेंदूपुल तक जाने वाली सड़क के बीच में हाईटेंशन बिजली का पोल लगा हुआ है, जो काफी समय से एक तरफ झुका है। लगातार झुके रहने के कारण पोल में दरार भी आ गई है। ऐसे में कभी भी पोल गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीणों का आवागमन होता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।

वहीं ग्रामीण अरविंद ने बताया कि जर्जर और झुके हुए बिजली के पोल को देखकर हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेज हवा या अन्य किसी कारण से पोल कभी भी गिर सकता है। इससे जान-माल का नुकसान होने की संभावना है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले जर्जर पोल को तत्काल बदलवाया जाए, ताकि लोगों को खतरे से निजात मिल सके।इस दौरान प्रमोद, अमरेश, उर्मिला, अंजना, माधुरी, रमेश, अरविंद सहित अन्य ग्रामीणों ने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।