संवाददाता@वीरेंद्र यादव….

केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर में शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को पूर्व छात्र समागम समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं को एक मंच पर लाकर पुरानी स्मृतियों को साझा करना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और वर्तमान विद्यार्थियों को पूर्व छात्रों के अनुभवों व उपलब्धियों से प्रेरित करना रहा।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन के पूर्व सहायक आयुक्त सी. विजय रत्नम और विशिष्ट अतिथि प्रभंजन झा, डीजीएम, एनटीपीसी पटना सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना, स्वस्ति वाचन और स्वागत गीत की प्रस्तुति हुई।
विद्यालय की प्राचार्या ने स्वागत संबोधन में पूर्व छात्रों का अभिनंदन करते हुए कहा कि विद्यालय और विद्यार्थियों का रिश्ता केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह जीवनभर कायम रहने वाला आत्मीय संबंध है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों में पूर्व छात्रों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपना परिचय देते हुए विद्यालय से जुड़ी पुरानी यादें और अनुभव साझा किए। वहीं वर्तमान विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, नृत्य, समूह गीत और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में रंग भर दिया।

मुख्य अतिथि सी. विजय रत्नम ने विद्यालय के शैक्षिक एवं संस्कारपरक वातावरण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि प्रभंजन झा ने भी विद्यार्थियों को अपने अनुभवों से प्रेरित किया और विद्यालय तथा पूर्व छात्रों के बीच निरंतर संवाद एवं सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पूर्व छात्रों की स्मृतियों से समारोह भावनात्मक एवं उल्लासपूर्ण माहौल में बदल गया। अंत में श्री मनोज कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अतिथियों, पूर्व छात्रों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।