मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

राबर्ट्सगंज नगर के संत जेवियर्स विद्यालय में शुक्रवार को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर नगर में जागरूकता का संदेश दिया।

इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पाक्सो एक्ट-2012 विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता कराई गई।

मुख्य अतिथि सीजेएम पंकज ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य सिस्टर सुनीता, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद रामधुन का सामूहिक पाठ और गांधी-शास्त्री के जीवन से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चीफ एलएडीसी अधिवक्ता शमसेर बहादुर सिंह ने गुड टच-बैड टच तथा पाक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। पराविधिक स्वयंसेवक सरिता लाहा ने भी विद्यार्थियों को पाक्सो एक्ट और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। सीजेएम पंकज ने मोबाइल एवं इंटरनेट का सावधानी से प्रयोग करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी।

चित्रकला प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में अंशिका कक्षा नौ प्रथम, दीक्षा कक्षा 10 द्वितीय और शिवांगी कक्षा 12 तृतीय रहीं। कनिष्ठ वर्ग में मानवी कक्षा पांच प्रथम, आराध्या मौर्या कक्षा पांच द्वितीय और शिवानी कुमारी कक्षा पांच तृतीय रहीं। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सौम्या ने किया। इस अवसर पर शिक्षक अभिषेक चार्ल्स, प्रदीप कुमार, चंदन पटेल, राकेश द्विवेदी, ब्रजेश तिवारी, अशोक पति, जगदम्बा प्रसाद तथा शिक्षिकाएं उर्मिला यादव, श्वेता सोलोमन और रूचि शरन सहित विद्यार्थी, अभिभावक एवं विद्यालय के शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे। सिस्टर सुनीता के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
