संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी शक्तिनगर आवासीय परिसर स्थित संत जोसेफ स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों से परिचित कराया गया।
कक्षा सात के विद्यार्थियों ने विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों ने गांधीजी के जीवन और विचारों पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर सत्य, अहिंसा, आत्मानुशासन एवं मानवता का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य फादर डॉ. विंसेंट परेरा ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी का जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत कक्षा 9 से 12 तक के 67 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन तथा कक्षा 6 से 8 के 23 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसके अलावा स्वच्छता रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व डॉ. योगेंद्र तिवारी ने किया। सिस्टर गैब्रिएला, मिदुन एवं मायाराम ने भी सहभागिता की।
स्कूल कैबिनेट और कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में योगदान देते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास सफाई की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
