संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को म्योरपुर विकासखंड के बभनडीहा में आदिवासी समाज अपनी एकता, संस्कृति और अधिकारों का शक्ति प्रदर्शन करेगा। आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के तत्वावधान में यहां विशाल आदिवासी जनसभा, भव्य रोड शो एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति का दावा है कि इस कार्यक्रम में सोनभद्र सहित आसपास के जिलों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, युवा और महिलाएं शामिल होंगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और संवैधानिक अधिकारों को मजबूत आवाज देना तथा समाज में जागरूकता और एकजुटता को बढ़ावा देना है। इस दौरान समाज के अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
सरकार के सामने उठेंगी कई बड़ी मांगें।

आयोजन समिति के अनुसार जनसभा के माध्यम से जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समुदाय के पारंपरिक एवं संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा, वनाधिकार कानून-2006 का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन, ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार तथा अनुसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून की भावना के अनुरूप व्यवस्था लागू करने जैसी प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी।
इसके साथ ही आदिवासी युवाओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने तथा आदिवासी संस्कृति, भाषा और विरासत के संरक्षण के लिए विशेष योजनाएं लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी आदिवासी विरासत की झलक
जनसभा के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आदिवासी समाज के पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन समिति का कहना है कि कार्यक्रम केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज की पहचान, अधिकार और भविष्य को लेकर एक मजबूत जनजागरण अभियान भी होगा।
जन-जन से शामिल होने की अपील
आयोजक – आदिवासी सेवा ट्रस्ट, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) ने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों और आम नागरिकों से 9 अगस्त को बभनडीहा पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा आदिवासी समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की आवाज को बुलंद करने की अपील की है।





