संवाददाता@विष्णु कुशवाहा…..

सावन के अवसर पर जय बाबा मंगलेश्वर धाम (मंगलेश्वर महादेव मंदिर) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मारकुंडी और चुर्क के पास ऊंची पहाड़ी पर स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।मंदिर परिसर पूरे दिन बोल बम और बाबा एक सहारा है” के जयघोष से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ बाबा के दर्शन किए और भक्ति में सराबोर नजर आए। दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में राजेश गुप्ता उर्फ बल्ला, अरविंद द्विवेदी, विकास, नीरज सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल रहे।

जय बाबा मंगलेश्वर धाम रॉबर्ट्सगंज से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित है। यह मंदिर सोनभद्र की सबसे ऊंची पहाड़ियों में से एक पर, समुद्र तल से लगभग 1100 से 1200 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।

यहां से चारों ओर फैले हरे-भरे जंगल और प्राकृतिक मनोरम दृश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति के साथ प्रकृति का अद्भुत अनुभव भी कराते हैं। सावन मास और महाशिवरात्रि के दौरान यह प्राचीन शिवधाम विशेष आस्था का केंद्र बन जाता है, जहां दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। सावन के पहले सोमवार पर भी पूरे धाम में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।





