@जे0 के0…….
— राज्यमंत्री संजीव गोंड ने विजेता बच्चों को किया पुरस्कृत, गर्भवती महिलाओं की कराई गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन

Sonnhadra। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को चोपन ब्लॉक सभागार में बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड ने प्रतिभागी बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का जायजा लिया और प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया।

प्रतियोगिता में निव्या ने प्रथम, प्रेम ने द्वितीय और उत्सव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता बच्चों को टैडी, थाली, कटोरी और चम्मच देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सात अन्य स्वस्थ बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस दौरान राज्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ बच्चों के पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत समाज की नींव है।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री की पत्नी एवं ब्लॉक प्रमुख लीला देवी भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी महिलाओं से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और साफ-सफाई को लेकर जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी दिलीप कुमार वर्मा ने किया। मुख्य सेविका नेहा श्रीवास्तव, शिवानी सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री कविता, माया, सुनीता, हेमलता और प्रेरणा मौजूद रहीं। खंड विकास अधिकारी अजीत यादव ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
