संवाददाता@विजय अग्रहरी…..

घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म की शिकार 14 वर्षीय किशोरी की बुधवार को प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से मौत हो गई। पेट में दर्द होने पर परिजन किशोरी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल में किशोरी की डिलीवरी के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घोरावल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अगस्त महीने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में नामजद आरोपी अनुराग विश्वकर्मा निवासी करीबराव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन्होंने बताया कि किशोरी की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
