संवाददाता@संदीप अग्रहरी….
— श्री दुर्गा पूजा समिति की बैठक में पंडाल, प्रतिमा स्थापना, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर बनी रूपरेखा

म्योरपुर विकासखंड के पड़री ग्राम पंचायत अंतर्गत खंता टोला स्थित खंता पिकनिक स्पॉट में मंगलवार शाम श्री दुर्गा पूजा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शारदीय नवरात्रि के दौरान होने वाले दुर्गा पूजा आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसी दौरान समिति की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
तीसरी बार अध्यक्ष बने अमरेश यादव:
बैठक में समिति के सदस्यों ने अमरेश कुमार यादव को लगातार तीसरी बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। उनके पिछले दो वर्षों के कार्यकाल में किए गए कार्यों की सदस्यों और ग्रामीणों ने सराहना की। तीसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर समिति के सदस्यों, युवाओं और ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और बधाई दी।

भव्य पंडाल और बेहतर सुविधाओं पर जोर:
बैठक में इस वर्ष दुर्गा पूजा को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया। पंडाल की आकर्षक सजावट, मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर योजना तैयार की गई। समिति ने सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया, ताकि नवरात्रि के दौरान पूजा स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास रहेगा : अमरेश यादव
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरेश कुमार यादव ने कहा कि समिति के सदस्यों ने लगातार तीसरी बार उन पर भरोसा जताया है। यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्यों, युवाओं और ग्रामीणों के सहयोग से इस बार दुर्गा पूजा को और अधिक भव्य एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जाएगा।