मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…
..पौष्टिक व्यंजनों और रंगोली की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र, नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

पोषण माह 2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बाल विकास परियोजना रॉबर्ट्सगंज की ओर से बुधवार को विकासखंड सभागार में हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में हेल्दी बेबी शो के साथ रंगोली और पुष्टाहार से तैयार विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में दो वर्ष तक की आयु के 15 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों का मूल्यांकन उनके वजन, लंबाई, जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान, स्वच्छता, पूर्ण टीकाकरण तथा आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सेवाओं का लाभ लेने जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया।
रॉबर्ट्सगंज ग्रामीण क्षेत्र में शिवानी प्रथम, अद्विक पाण्डेय द्वितीय और शिवांश तृतीय स्थान पर रहे। वहीं रॉबर्ट्सगंज शहर में श्री प्रथम, रियांशिका द्वितीय और अयांश तृतीय रहे। विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुष्टाहार से तैयार पौष्टिक व्यंजनों की प्रस्तुति भी की गई। विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से बच्चों और परिवार के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। रंगोली के माध्यम से भी पोषण और स्वास्थ्य से जुड़े संदेश दिए गए।

इस अवसर पर 15 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्ष रूबी प्रसाद और महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष (भाजपा)संजय जयसवाल ने नवचयनित सहायिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए मातृ-शिशु स्वास्थ्य और सुपोषित समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता पर जोर दिया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के शुरुआती वर्षों में उचित पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और समय पर स्वास्थ्य देखभाल बेहद जरूरी है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं को मिलने वाली सेवाओं का लाभ उठाने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी रॉबर्ट्सगंज अनुराग कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने स्वस्थ बचपन, पोषण जागरूकता और आंगनबाड़ी सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
