मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन…

बाल श्रम मुक्त सोनभद्र अभियान के तहत बुधवार को रॉबर्ट्सगंज और चुर्क बाजार क्षेत्र में जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। श्रम विभाग, एचटी, चाइल्ड हेल्पलाइन और चाइल्ड राइट्स एसोसिएट की संयुक्त टीम ने दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम निषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को बच्चों को किसी भी प्रकार के श्रम में नियोजित नहीं करने की हिदायत दी। किशोरों के नियोजन को लेकर लागू कानूनी प्रावधानों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। चुर्क बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान दो किशोर बाल श्रमिकों का चिन्हांकन किया गया। टीम ने दोनों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। संबंधित विभागों के समन्वय से उन्हें शिक्षा से जोड़ने और पुनर्वासन की प्रक्रिया भी की जाएगी।

टीम ने व्यापारियों से अपील की कि बाल श्रम की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य बाल श्रमिकों की पहचान के साथ उन्हें शिक्षा, संरक्षण और पुनर्वासन से जोड़ना भी है।

रेस्क्यू टीम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज शर्मा, नीति आयोग से नामित सदस्य पूजा यादव, प्रभारी निरीक्षक मानव तस्करी रोधी रामदरश राम, आरक्षी पंकज कुमार, महिला आरक्षी साक्षी त्रिपाठी उपस्थित रहे।
